सैनिक स्कूलों में लड़कियों का प्रवेश::
केंद्र सरकार के रक्षा राज्यमंत्री श्रीपद नाइक द्वारा राज्यसभा में दी गई जानकारी के अनुसार, 2020-21 शैक्षणिक सत्र से 5 सैनिक स्कूलों में लड़कियों के प्रवेश को हरी झंडी दे दी गई है। एक पायलट प्रोजेक्ट के बाद यह फैसला लिया गया है। इसके बाद सभी 31 सैनिक स्कूलों में लड़कियां प्रवेश पा सकेंगी। इसके लिए समयबद्ध कार्ययोजना लागू की जाएगी।
लड़कियों को प्रवेश देनेवाले ये पांच सैनिक स्कूल होंगे-कालिकिरी (आंध्रप्रदेश), कोडागु (कर्नाटक), घोड़ाखाल (उत्तराखंड), चंद्रपुर (महाराष्ट्र) और बीजापुर (कर्नाटक)। रक्षा राज्यमंत्री का यह भी कहना है कि पायलट परियोजना के तहत मिजोरम के चिंगचिप स्थित सैनिक स्कूल में 2018-19 सत्र से लड़कियों की शिक्षा शुरू की गई थी, जो सफल रही। इसलिए इसका विस्तारीकरण किया जा रहा है।
यह फैसला लड़कियों को जहां आत्मनिर्भर बनाने में मददगार होगी, वहीं वे अपने शारीरिक दमखम व बुद्धि-कौशल से नेशनल डिफेंस एकेडमी में प्रवेश लेकर देश की रक्षा में अग्रणी भूमिका निभा सकेंगी।
अब वे दिन लद जाएंगे, जब लड़कियों को शारीरिक रूप से कमजोर आंककर उन्हें सेना में प्रवेश नहीं दिया जाता था। इस निर्णय से वे शिक्षा, चिकित्सा, बैंक, पायलटिंग, इंजीनियरिंग, कार्यालयीन कार्य की तरह सेना में भी अपनी क्षमता, अदम्य साहस व शौर्य का प्रदर्शन कर सकेंगी।
–00–